चंडीगढ़। ठंड ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ी राज्यों में तो बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इससे निचले राज्यों में भी सर्दी ने अपने रंग दिखा दिए हैं। सुबह और शाम के समय धुंध भी देखी गई है।
तापमान में गिरावट आने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। हालांकि दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत है। मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम साफ रहने की संभावना बनी हुई है। वहीं तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पराली जलाने की घटनाएं
राज्य में धान कटाई का सीजन अंतिम चरण में है, लेकिन पराली जलाने की घटनाएं जारी हैं। पराली जलाने के मामले 36 हजार तक पहुंच गए हैं। हालांकि सरकार और प्रशासन की तरफ से पराली जलाने के मामलों में कमी लाने के मक्सद से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पराली जलाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। इससे राज्य में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) भी बिगड़ रहा है।
जालंधर में 14 स्थानों पर जलाई गई पराली
वहीं जालंधर जिले में बुधवार को 14 स्थानों पर पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। पराली जलाने के कारण शहर का औसत एक्यूआइ 234 दर्ज किया गया। हालांकि सुबह सात से 11 बजे के बीच एक समय एक्यूआइ 323 तक भी पहुंच गया था। शाम चार बजे यह 189 और सात बजे यह 145 तक आ गया।
जिले में इस बार अब तक खेतों में पराली जलाने के 1186 मामले सामने आ चुके हैं। कृषि विभाग के अधिकारी डा. नरेश गुलाटी का कहना है कि विभाग की ओर से प्रशासन के सहयोग से किसानों को लगातार खेतों में पराली ना जलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। धान की कटाई का सीजन खत्म होने वाला है। आने वाले दिनों में पराली जलाने के मामले कम हो जाएंगे।