नई दिल्ली। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय मंगलवार यानी सात नवंबर से पूरे देश में जल दिवाली-महिलाओं के लिए पानी और पानी के लिए महिलाएं अभियान चलाएगा। नौ नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य देश में पानी की प्रणाली से महिलाओं को जोड़ना है।
‘अमृत के तहत चलाया जाएगा अभियान’
अभियान के तहत 550 से अधिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में महिलाओं के 15 हजार स्वयं सहायता समूह के दौरे कराए जाएंगे, ताकि वे पानी के प्रति अपनी समझ बढ़ा सकें। यह अभियान अटल मिशन फॉर रिजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफार्मेशन के तहत चलाया जाएगा।
महिलाओं को मिलेगी जानकारी
वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों के दौरों से महिलाओं को घरों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में प्रयुक्त महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को स्पष्ट रूप से देखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा महिलाओं को पानी की गुणवत्ता परीक्षण के प्रोटोकाल के बारे में जानकारी उपलब्ध होगी। इस अभियान का व्यापक लक्ष्य जल बुनियादी ढांचे के प्रति महिलाओं में स्वामित्व और अपनेपन की भावना को विकसित करना है।
भारत में तीन हजार से अधिक जल उपचार संयंत्र
भारत में 3,000 से अधिक जल उपचार संयंत्र हैं, जिनकी निर्मित जल उपचार क्षमता 65,000 एमएलडी से अधिक और परिचालन क्षमता 55,000 एमएलडी से अधिक है। घरेलू जल प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती हैं।