नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कहा है कि आगामी छठ पूजा के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 900 से अधिक घाट तैयार किए गए हैं और श्रद्धालुओं को तंबू, रोशनी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।लोक आस्था का महापर्व छठ 17 नवंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें व्रती उपवास करती हैं और अंतिम दो दिन सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं।
कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि छठ घाट तैयार किए हैं। श्रद्धालुओं के लिए तंबू, लाइट और साउंड की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि श्रद्धालुओं को अच्छा अनुभव हो।
उन्होंने आगे बताया कि सभी को खुशी-खुशी सूर्य देव को अर्घ्य देना चाहिए और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए। छठ पूजा दीवाली के छह दिन बाद मनाई जाती है और मुख्य रूप से इसे बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है। देश के अन्य हिस्सों अथवा विदेश में भी रहने वाले इन राज्यों के लोग इस महापर्व को मनाते हैं।
छठ पूजा के लिए घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू
वहीं, दक्षिणी दिल्ली में छठ पूजा के लिए घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। नेहरू प्लेस मेट्रो स्टेशन के पास आस्था कुंज पार्क में मंगलवार को घाट की साफ-सफाई की गई। यहां पर सोनानन्दिनी सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं मां भवानी दुर्गा पूजा समिति की ओर से छठ पर्व मनाया जाएगा।
सोसायटी के महासचिव अनु कुमार ठाकुर ने बताया कि घाट की सफाई के अलावा क्यारी बनाई गई है। यहां पर बृहस्पतिवार को पानी छोड़ा जाएगा। प्रथम अर्घ्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 19 नवंबर की शाम को किया जाएगा। घाट भी बनाए जा रहे हैं।