नई दिल्ली। बृहस्पतिवार आधी रात से शुरू हुई और शुक्रवार को भी रूक- रूककर दिनभर होती रही वर्षा से दिल्ली की फिजा ही बदल गई। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री कम दर्ज किया गया। ठंडक का एहसास भी बढ़ गया।
हल्की वर्षा
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार सुबह हल्की धुंध रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार रात से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेकशन के चलते दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई है। इससे तापमान में खासी गिरावट हुई और प्रदूषण की स्थिति में सुधार देखने को मिला।
दिल्ली का तापमान
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो ज्यादा 16.2 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 85 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। तहां तक वर्षा का सवाल है तो सफदरजंग मौसम केंद्र में बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
आज भी बारिश की संभावना
जाफरपुर में सर्वाधिक 13.5 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को तापमान 27 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इस दौरान हवा की गति चार से 12 किमी प्रतिघंटे तक रह सकती है। हल्की वर्षा भी हो सकती है।